बिधूना (औरैया)। बिधूना ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बराहर में प्रधान रात में तालाब पटवा रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काम रुकवा दिया। ट्रैक्टर और जेसीबी भी पकड़ ली। लोगों का कहना है कि पुलिस ने ट्रैक्टर और जेसीबी छोड़ दिया। वहीं दो ट्रैक्टर थाने पहुंचाए। थानेदार का कहना है कि दो ट्रैक्टर तहसीलदार के कहने पर छोड़े हैं।
सोमवार की रात बिधूना ब्लाक की ग्राम पंचायत बराहर में प्रधान अमरीश दीक्षित गांव में पंचायत भवन बनवाने के लिए गांव की नालियों के पानी जाने के एक बड़े गड्ढे में मिट्टी डलवा रहा था। इसकी सूचना कुछ लोगों ने उपजिलाधिकारी राशिद अली, क्षेत्राधिकारी मुकेश प्रताप सिंह व कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला को दी कि तालाब पर कब्जा किया जा रहा है।
उन्होंने चौकी इंचार्ज को मौके पर भेजकर काम बंद कराया और ट्रैक्टर व जेसीबी कब्जे में ले ली। प्रधान अमरीश दीक्षित ने बताया कि लिखित में यहां कोई तालाब नहीं है। इस पर पंचायत भवन प्रस्तावित है पंचायत भवन बनवाने के लिए ही मिट्टी दिलाने का कार्य किया जा रहा है। लोगों ने रंजिशन गलत सूचना प्रशासन को दी है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी राशिद अली ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जगह की पैमाइश कराई जाएगी। पैमाइश के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अगर पैमाइश में तालाब निकलता है तो तालाब को चिह्नित किया जाएगा। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि रात को चौकी इंचार्ज ने मौके से दो ट्रैक्टर पकड़े थे, जिन्हें कोतवाली में खड़ा करा दिया गया था। तहसीलदार से आदेश पर ट्रैक्टर छोड़ दिए गए हैं।