बेला(औरैया)। कानपुर रोड स्थित नवजीवन हॉस्पिटल में बीते दिनों इलाज से मना करने पर तीमारदारों द्वारा हंगामा काटे जाने व मेडिकल स्टॉफ के साथ गाली-गलौज कर आगजनी की धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस ने सात नामजद व 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शनिवार 18 जुलाई को गांव फकीरेपुरवा निवासी रविंद्र यादव के खेत में धान की पौध ट्रैक्टर से डाली जा रही थी। पानी भरे खेत में पैर फिसल जाने से गांव निवासी विनोद यादव गिर गया था। जिस पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ गया था।
घायल विनोद को परिजन कस्बा बेला स्थित नवजीवन हॉस्पिटल लेकर गए थे। जहां हड्डी विशेषज्ञ डॉक्टर न होने पर अस्पताल संचालक ने घायल को तिर्वा मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी थी। जिस पर तीमारदार बिल्लू यादव, अवधेश यादव, मुकेश यादव पुत्रगण बालकराम, प्रदीप यादव पुत्र कश्मीर सिंह, दुर्गेश यादव, विनोद यादव व रविंद्र यादव समेत मौजूद तमाम अज्ञात लोगों ने भड़कते हुए हंगामा काटा था। यही नहीं अस्पताल में मौजूद स्टॉफ के साथ अभद्रता कर अस्पताल में आगजनी करने की धमकी भी दी थी। पुलिस के पहुंचने पर सभी हंगामा करने वाले इधर-उधर हो गए थे।
इस मामले में थानाध्यक्ष पप्पू सिंह ने बताया कि घटना में शामिल सात नामजद व 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि घटना में नामजद रविंद्र यादव समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था लेकिन बीती रात दोनों अभियुक्तों को थाना पुलिस ने छोड़ दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर लोगों में खासा आक्रोश व्याप्त है।