अयाना (औरैया)। बीहड़ क्षेत्र के भरतौल गांव में सोमवार की शाम बंधा बनाने के विवाद में हुई मारपीट में बुधवार को दूसरे पक्ष ने भी प्रधान समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मंगलवार को प्रधान शिव सिंह ने आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सोमवार की शाम लगभग छह बजे अयाना थाना क्षेत्र के भरतौल गांव में मनरेगा के काम को ट्रैक्टर से कराए जाने पर ग्रामीणों व प्रधान शिव सिंह में विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। इसमें प्रधान समेत चार लोग घायल हुए थे। सोमवार की रात सीओ अजीतमल कमलेश नारायण पांडे फोर्स लेकर पहुंचे और चारों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया था। मंगलवार को प्रधान ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को जगत सिंह पुत्र कंचन सिंह ने भी दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अयाना थाने के एसएचओ गया प्रसाद वर्मा ने शिवसिंह पुत्र साहब सिंह, गंभीर सिंह पुत्र साहब सिंह, समृत सिंह पुत्र मथुरा प्रसाद, उमाशंकर पुत्र सुदामा सिंह, रवि पुत्र लालसिंह, अमन पुत्र सुल्तान सिंह, अरमान सिंह पुत्र मोहरसिंह, दिलीप कुमार पुत्र मनभान सिंह, सोनू उर्फ कमलेंद्र सिंह, अशोक कुमार पुत्र दीनानाथ के खिलाफ एससी/एसटी समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।