औरैया। कानपुर-इटावा हाईवे पर गांव चिरुहली के पास 16 मई को डीसीएम-ट्राला भिड़ंत के मामले में सैफई अस्पताल में भर्ती आरोपी डीसीएम चालक को अस्पताल प्रशासन ने औरैया जिला प्रशासन को बिना सूचना दिए ही छुट्टी दे दी। जानकारी होने पर एसपी औरैया सुनीति ने नाराजगी जताते हुए सैफई अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने की बात कही है। साथ ही गायब हुए डीसीएम चालक की तलाश में पुलिस सक्रिय हो गईं हैं।
सैफई अस्पताल में भर्ती डीसीएम चालक प्रताप सिंह पुत्र कन्हैया लाल निवासी कैंजरी थाना कुठौंद जिला जालौन को अस्पताल प्रशासन ने औरैया जिला प्रशासन को जानकारी दिए बिना ही दो जून को छुट्टी दे दी। एएसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि इसकी जानकारी तब हुई जब पांच जून को सैफई अस्पताल से दो घायलों को छुट्टी देने पर उन्हें घर तक भेजने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारी सैफई पहुंचे। उन्होंने बताया कि डीसीएम चालक प्रताप सिंह पर भी 16 मई को हुई घटना में ट्राला चालक के साथ ही गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज है। ऐसे में औरैया पुलिस महकमा डीसीएम चालक को छुट्टी मिलने का इंतजार कर रहा था।
वहीं, सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि आरोपी डीसीएम चालक को उसके एक रिश्तेदार के कहने पर, जो पीएसी में तैनात हैं, सैफई अस्पताल प्रशासन ने औरैया जिला प्रशासन को जानकारी दिए बिना ही छुट्टी दे दी। उसकी गिरफ्तारी को टीमें लगा दी गईं हैं। जल्द ही पकड़ में आ जाएगा।