दिबियापुर (औरैया)। हरचंदपुर गांव में शुक्रवार को कोटेदार की दुकान पर भीड़ जुटने से सोशल डिस्टेंस का पालन न होने और राशन बांटे जाने में अनियमितता की शिकायत मिलने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस कोटेदार के पिता को अपने साथ ले गई। बाद में लेखपाल व प्रधान के पति ने राशन वितरण कराया।
हरचंदपुर गांव में शुक्रवार को कोटेदार की दुकान पर राशन लेने के लिए काफी भीड़ एकत्र हो गई। इससे सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ गईं। यही नहीं राशन वितरण में भी अनियमितता बरती गई। इस पर कुछ लोगों ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की। इसके बाद हरचंदपुर चौकी इंचार्ज रामखिलाड़ी यादव फोर्स से साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस कोटेदार के पिता को उठाकर थाने ले गई। चौकी इंचार्ज रामखिलाड़ी यादव के अनुसार मौके पर भीड़ ज्यादा थी। इसलिए समझा दिया गया है, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके।
मौके पर लेखपाल अवनींद्र यादव, सुरेंद्र कुमार प्रजापति एवं ग्राम प्रधान पति राजू दुबे ने राशन वितरण कराया। यहां पर मनरेगा कार्ड धारकों को राशन मिलने में आ रहीं समस्याओं का समाधान किया। उधर, घटतौली एवं अनियमितताओं की शिकायत पर एसडीएम बिधूना राशिद अली व सीओ बिधूना मुकेश ने मौके पर पहुंचकर जांच की। साथ ही कोटा डीलर को हिदायत भी दी। एसडीएम बिधूना राशिद अली ने बताया कि कोटा से सामान लेकर जा रहे लोगों के सामान को वापस लाकर तुलवाया गया। नापतौल ठीक मिली।