फोटो 20 एयूआरपी 02- दुकानदार से जानकारी करते पुलिस के अफसर
- फोटो : AURAIYA
मुरादगंज (औरैया)। कस्बे के इटावा रोड पर बुधवार की रात चोरों ने पूर्व ग्राम प्रधान की हार्डवेयर की दुकान का रोशनदान तोड़कर नगदी समेत हजारों का माल पार कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। जल्द ही चोरी का खुलासा करने का भरोसा दिलाया।
हसुलिया गांव के पूर्व प्रधान मुकेश चंद्र पुत्र स्व. श्रीराम की इटावा रोड पर हार्डवेयर की दुकान है। बुधवार की रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में किसी समय दुकान के पीछे गली की तरफ लगे रोशनदान को तोड़कर चोर अंदर घुसे। दुकान की गोलक में रखा 24 हजार रुपया नगद व सामान आदि उठा ले गए। गुरुवार सुबह पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने रोशनदान टूटा देखकर दुकानदार और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पहुंचे सीओ अजीतमल कमलेश नारायण पांडेय व कोतवाल दिनेश कुमार बिंद ने घटना की जानकारी ली। दुकान मालिक मुकेश के अनुसार उन्होंने अभी तक दुकान का सामान नहीं देखा है। सामान का मिलान पर ही पता चल सकेगा कि कितना सामान चोरी हुआ है। उधर, चोरी की इस वारदात से आसपास के दुकानदारों में काफी आक्रोश है। दुकानदारों का कहना है कि इसके पहले भी कई दुकानों में चोरी की वारदात हो चुकी है, लेकिन पुलिस अभी तक एक का भी खुलासा नहीं कर सकी है। वहीं, इलाकाई लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठाया है।