औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में सुभाष चौक के पास स्थित सौरभ जनरल स्टोर में गुजरात के हीरा व्यापारी हितेंद्र सिंह का रुपयों से भरा बैग व पर्स छूट गया था। 48 घंटे बाद व्यापारी दुकान पहुंचा। वहां दुकानदार के बैग व पर्स देने पर व्यापारी की खुशी की ठिकाना नहीं रहा। व्यापारी ने दुकानदार की ईमानदारी की सराहना करते उसे इनाम देने की पेशकश की। दुकानदार ने इसे मानवता बताते हुए इनाम लेने से मना कर दिया।
अहमदाबाद, गुजरात निवासी हीरा व्यापारी हितेंद्र सिंह भदौरिया कानपुर देहात स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। 10 फरवरी को औरैया पहुंचने पर उन्होंने सुभाष चौक से थोड़ी दूर कानपुर रोड पर स्थित सौरभ जनरल स्टोर पर रुककर सामान खरीदा। इस दौरान उन्होंने अपना बैग व पर्स काउंटर पर रख दिया। दुकानदार के सामान देने के बाद वह कार में बैठकर चले गए। बैग और पर्स वहीं पर छूट गया। हितेंद्र के जाने के बाद दुकानदार सौरभ ने बैग और पर्स को अपने पास सुरक्षित रख लिया। उधर, हितेंद्र झींझक, कानपुर देहात निवासी शैलेंद्र प्रताप सिंह गौर के यहां अपनी ससुराल पहुंचे। तब उन्हें बैग व पर्स गुम होने की जानकारी हुई। उन्होंने पर्स व बैग की खोजबीन शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद कुछ पता नहीं चला।
हितेंद्र मंगलवार को वापस अहमदाबाद जा रहे थे। उन्होंने सुभाष चौक के पास स्थित रमाकांत स्वीट हाउस पर रुककर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे, तो उसमें कुछ नजर नहीं आया। इसके बाद वह सौरभ की दुकान पर पहुंचे और उन्हें बैग व पर्स के गुम होने की बात बताई।
इस पर सौरभ ने फौरन बैग व पर्स लाकर उन्हें सौंप दिया। हितेंद्र सिंह ने बताया कि बैग में 50 हजार रुपये और पर्स में जरूरी कागजात व एटीएम कार्ड थे। बैग व पर्स पाकर खुश हुए हितेंद्र ने सौरभ को इनाम देने का प्रयास किया, लेकिन सौरभ में इसे मानवीय दृष्टिकोण बताते हुए इनाम भी लेने से इंकार कर दिया।