फफूंद (औरैया)। कस्बा स्थित दो घरों से बुधवार की रात चोरों ने लाखों रुपये का माल पार कर दिया। घरवाले सोते रह गए और चोर पूरा माल लेकर चले लिए। सुबह होने पर चोरी की घटना की जानकारी हो पाई। पीड़ितों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की है।
मोहल्ला कटरामनेपुर निवासी रमेश चंद्र पुत्र गिरजा शंकर व उनके पड़ोसी ओमप्रकाश पेशे से किसान हैं। दोनों के घरों में बुधवार की रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। दोनों पड़ोसियों को इसकी जानकारी तब हुई जब वह गुरुवार को सुबह सोकर उठे। पुलिस को तहरीर देकर रमेश चंद्र ने बताया कि बीमारी को लेकर कानपुर इलाज कराने के लिए उन्होंने 20 हजार रुपये के गेहूं बेचे थे। रात को घर में घुसे चोरों ने इनके यहां से 20 हजार नगद कीमती जेवर व दो मोबाइल समेत लगभग डेढ़ लाख रुपये का माल पार कर दिया।
उसके बाद चोर उनके पड़ोसी ओम प्रकाश पुत्र श्रीराम के घर घुस गए और कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखे 54 हजार रुपये, मोबाइल व कीमती जेवरात पार कर दिए। चोरों ने यहां से नगदी व जेवरात समेत करीब दो लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। सुबह जब वह जागे तो चोर अपना हाथ साफ कर चुके थे। पीड़ितों ने चोरी की घटना की सूचना सबसे पहले यूपी 112 पुलिस को दी और फिर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पुलिस ने जाकर के जांच-पड़ताल की। दोनों गृहस्वामियों द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार पुलिस कार्रवाई शुरू कर घटना के खुलासे में जुट गई है।