औरैया। बेला थाना क्षेत्र के गांव मल्हौसी स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर से मंगलवार की रात चोरों ने कई लाख का सामान पार कर दिया। बुधवार की सुबह पुजारी मंदिर पहुंचे, तब ताला टूटा देख वारदात की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जांच की।
गांव मल्हौसी स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में पूजा पाठ व देखरेख गांव के नंदराम करते हैं। पुजारी नंदराम रोजाना की तरह मंगलवार की रात आरती करने के बाद मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए। बुधवार की सुबह जब वह मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मंदिर के गेट पर लगा ताला टूटा मिला। मंदिर के गेट पर लगे घंटे व अन्य कीमती सामान गायब था। पुजारी ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी।
मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही वहां भीड़ एकत्रित हो गई। गांव वालों में घटना को लेकर आक्रोशित दिखे। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बेला बृजेश कुमार भार्गव और याकूबपुर चौकी इंचार्ज हेमंत कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी बड़े अफसरों को दी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि चोरों ने मंदिर से कीमती सामान चोरी किया है। इसके बाद डॉग स्क्वायट व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार भार्गव ने बताया कि चोरी गए सामान का आंकलन अभी नहीं हो सका है। चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीम जुट गई है, जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा।