दिबियापुर (औरैया)। रामगढ़ स्थित एक गेस्ट हाउस के बाहर रविवार की रात दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इस झगड़े में कई लोगों को चोटें आईं। इससे वहां काफी देर तक अफरातफरी मची रही। सूचना मिलने पर दिबियापुर थाने की फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था। सुबह दोनों पक्षों में सुलह हो गई।
रविवार की रात रामगढ़ स्थित एक गेस्ट हाउस में गांव मके का पुरवा के एक युवक का शादी समारोह था। गेस्ट हाउस में वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच रात लगभग 9 बजे गेस्ट हाउस के बाहर सड़क पर शादी में आए एक युवक की वहां से गुजर रहे कुछ लोगों से विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। झगड़ा बढ़ता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रात में ही दिबियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एक पक्ष ने लूटपाट का आरोप लगाया। हालांकि सुबह दोनों पक्षों के लोगों ने समझाबुझाकर मामला शांत कराया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में आपस में समझौता हो गया है। दिबियापुर थाने के इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला के अनुसार अभी तक किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।