दिबियापुर (औरैया)। सोमवार की रात चोरों ने कांशीराम कालोनी के पास स्थित पीतांबरा ट्रेडर्स की गोदाम का शटर तोड़कर हजारों के सामान की चोरी कर ली। घटना की जानकारी होने पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। व्यापारियों ने एकत्रित होकर जल्द से जल्द घटना का खुलासा किए जाने की मांग की।
मां पीतांबरा ट्रेडर्स के स्वामी संजीव गुप्ता पुत्र सुरेश चंद्र गुप्ता निवासी कलेक्टरी रोड दिबियापुर ने बताया कि उनका गोदाम कांशीराम कालोनी के पास है। मंगलवार को सुबह वह गोदाम का ताला खोलने के लिए पहुंचे। यहां पर गोदाम का ताले टूटे हुए थे और शटर भी उचका था। चोरी का शक होने पर अंदर जाकर देखा तो पाया कि हजारों रुपए का डालडा एवं रिफाइंड चोरी हो गया है। यूपी 112 के साथ इंस्पेक्टर निर्भय चंद्र, कस्बा इंचार्ज मूलेंद्र समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। यहां पर घटना की पड़ताल की। गोदाम के अंदर से काफी सामान चोरी हो गया था। जबकि काफी अन्य सामान चोरी होने से बच गया है। व्यापारी संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि चोरों ने लगभग 40 हजार रुपए का सामान चोरी कर लिया है। घटना की जानकारी होने पर खासी संख्या में व्यापारी एकत्रित हो गए। सभी ने घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने एवं चोरों को पकड़े जाने की मांग की। व्यापारियों ने संभावना जताई कि रात में रास्ते पर चहल पहल हो जाने के कारण शेष सामान बच गया। नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी। व्यापारियों ने मांग की कि रात्रि गश्त तेज की जाए। ताकि चोरियों जैसी घटनाएं न हो सकें।
घटनास्थल के पास में स्थित कांशीराम कालोनी में रहने वाले कुछ संदिग्ध लोगों की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में कांशीराम कालोनी के वाशिंदों एवं व्यापारियों ने शिकायत की। बताया कि कांशीराम कालोनी में काफी संख्या में लोग बिना कालोनी आवंटन के रहते हैं। इसपर सीओ सुरेंद्र नाथ ने दिबियापुर थाने के इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला एवं संबंधित क्षेत्र के दरोगा मूलेंद्र को निर्देशित किया कि कांशीराम कालोनी में रहने वाले लोगों का चरित्र प्रमाणित कराएं। इसके लिए रजिस्टर बनाकर यहां रहने वाले लोगों की जानकारी इकट्ठा कर लें।