औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धीरजपुर हाईवे स्थित श्रीबसंत सर्विस स्टेशन निवासी पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को मोबाइल हैक कर खाते से 99 हजार रुपये पार करने की तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में ग्राम धीरजपुर हाईवे स्थित श्रीबसंत सर्विस स्टेशन निवासी कनिष्क वर्धन पुत्र राजेंद्र कुमार बताया कि सात जनवरी की दोपहर लगभग तीन बजे एक अज्ञात नंबर से उसके फोन पर कॉल आई। जिसमें उक्त फोन करने वाले व्यक्ति द्वारा उससे अपनी गाड़ियों में डीजल डलवाने के लिए कहा।
साथ ही उसने डीजल का भुगतान करने के लिए पहले पेटीएम का नंबर पूछा, लेकिन फिर बाद में उसने बार कोड भेजकर उसको स्कैन करने को कहा। जैसे ही कनिष्क ने भुगतान लेने के लिए बार कोड स्कैन किया। तभी उसका फोन हैग हो गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता खाते में रुपये आने की बजाय 99 हजार रुपये पार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।