औरैया। सहायल थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवा जैन निवासी एक विवाहिता ने महिला थाने में ससुरालीजनों पर दहेज के लिए मारपीट व बच्चे समेत घर से निकालने का मामला दर्ज कराया है। महिला थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुरवा जैन निवासी खुशबू पुत्री गणेश चंद्र ने महिला थाना में दिए शिकायती पत्र में बताया की उसकी शादी 29 जनवरी 2017 को एरवाकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम हिंदपुर निवासी जनमेद पुत्र शिव कुमार से हुई थी। शादी के दौरान उसके परिजनों ने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज दिया था। बावजूद इसके ससुरालीजन दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे। इससे शादी के बाद से ही उत्पीड़न करने लगे।
शादी से पहले ससुरालीजनों ने उसको यह नहीं बताया कि उसके पति को मिर्गी के दौरे पड़ते हैं। बाद में मायके वालों ने उसके पति का इलाज कराया, लेकिन लाभ नहीं हुआ।
पीड़िता ने बताया कि आए दिन ससुरालीजन मारपीट करते हैं। 15 जनवरी 2019 को उन लोगों ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन उसने मौका पाकर पुलिस को सूचना कर दी। पुलिस उसके पति जनमेद को पकड़कर थाने ले गई। शांति भंग की धारा में चालान कर दिया गया। मायके पक्ष के लोगों द्वारा ससुरालीजनों को समझाने के लिए पंचायत भी कराई गई। पति ने पंचायत में शपथ पत्र भी दिया कि अब न तो दहेज मांगेगा और न ही मारपीट करेगा।
पंचायत के बाद भी ससुरालीजनों में सुधार नहीं आया। 13 दिसंबर 2019 को ससुरालियों ने मारपीट कर बच्चे सहित उसे घर से निकाल दिया। वह अपने पिता के घर पहुंची और सारी जानकारी दी। उसने परिजनों के साथ महिला थाना पहुंचकर पति जनमेद, ससुर शिवकुमार, सास मालती, देवर शिवराज, बाबा ससुर सूबेदार, ननद मंजू, कविता, उर्मिला, हेमलता, कुसमा, किरन, ननदोई आदित्य कुमार, सुनील, अवधेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।