एरवाकटरा(औरैया)। गांवों से बकरियां चोरी कर गाड़ी से ले जा रहे चोरों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर गाड़ी और बकरियां बरामद कर ली हैं। पुलिस ने रविवार को सभी बकरी मालिकों को बुलाकर बरामद बकरियां उन्हें सौंप दीं। है।
शनिवार की रात सिल्वर कलर की इनोवा में सवार बकरी चोरों ने भैदपुर गांव से सुमनलता की दो बकरी, समायन गांव में राहुल की तीन बकरी और नगरिया के बन्ना सहाय की एक बकरी खूंटे से खोलकर गाड़ी में डाल ली। चोर नेहराबोझ गांव में संघप्रिया और शिशुपाल की बकरी खोलकर गाड़ी में डाल रहे थे तभी आहट होने से गांव वाले जाग गए और गांव के लोगों ने बकरी चोरों पर पथराव कर दिया।
बकरी चोरी की सूचना पर पहुंचे एरवाकटरा थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी एसके तिवारी ने रात में ही एरवाकटरा और कुदरकोट मार्ग पर घेराबंदी कर दी। चोर गाड़ी को खड्ड में गिराकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस गाड़ी से बकरियों को निकालकर थाने ले आई। रविवार सुबह थाने में सभी बकरी मालिकों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि बरामद गाड़ी की जांच की जा रही है। क्षेत्रीय निवासी प्रदीप यादव, ध्यान सिंह, विश्वनाथ यादव, राजीव यादव ने बताया कि दो माह पूर्व यही इनोवा उनकी बकरियां भी चुरा ले गई थी।