औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गुरुहाई में शुक्रवार की रात चोरों ने एक किन्नर के बंद घर से लाखों का जेवर व नगदी पार कर दी। घटना के समय किन्नर एक बरात में गई थी। शनिवार की सुबह घर लौटने पर सारा सामान बिखरा देखा, तब चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिंक टीम ने मामले की जांच की। पीड़ित किन्नर ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला गुरुहाई निवासी किन्नर बबली ने पुलिस को तहरीर दी है कि बीती रात वह लोग अपने साथियों के साथ एक बरात में गई थी। घर में कोई नहीं था, ताला बंद था। शनिवार की सुबह लगभग सात बजे जब वह घर वापस पहुंची और गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंची तो कमरे का ताला टूटा मिला।
कमरे के अंदर रखे बैग से तीन सोने के हार, दो सोने की जंजीर, पांच सोने की अंगूठी, 10 सोने के सिक्के, दो जोड़ी चांदी की तोड़िया, एक जोड़ सोने की झुमकी, एक जोड़ी सोने के बाला व नगदी गायब थी। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।