औरैया। सदर कोतवाली पुलिस ने रविवार की शाम चेकिंग के दौरान हाईवे पर एक ट्रक को रोकने का इशारा किया। ट्रक के न रुकने पर पीछा कर पकड़ा। ट्रक चालक व क्लीनर को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए ट्रक में हरियाणा ब्रांड की शराब की पेटियां मिलने की जानकारी मिली है। हालांकि पुलिस का इस बाबत कहना है कि अभी गिनती नहीं हो सकी है, इसलिए शराब की पेटियों की संख्या बाद में पता चलेगी।
रविवार की शाम अवैध शराब की पेटियां लादकर जा रहे एक ट्रक के शहर की सीमा से होकर गुजरने की सूचना मिलने पर कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे टीम के साथ करमपुर हाईवे पर पहुंचे और चेकिंग शुरू की। इसी बीच एक ट्रक को आता देख रुकने का इशारा किया, लेकिन ट्रक नहीं रुका। बल्कि चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भगाना शुरू कर दिया।
इस पर पुलिस टीम ने पीछा करते हुए खानपुर हाईवे पर पकड़ लिया। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे ने बताया कि भाग रहे ट्रक को पीछा कर पकड़ लिया गया है। अभी ट्रक को अनलोड नहीं कराया जा सका है। इसलिए उसमें भरी पेटियों की गिनती नहीं हो सकी है। ट्रक में हरियाणा ब्रांड की एक हजार शराब की पेटियां होने की सूचना है। ट्रक चालक अरविंद व क्लीनर कमलजीत सिंह निवासी पंचकूला थाना पिंजोर हरियाणा से शराब लादकर कानपुर ले जा रहे थे। दोनों को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।