दिबियापुर (औरैया)। एक माह पहले रामगढ़ में हुए शराब पीकर हंगामा करने एवं पुलिस के साथ मारपीट के एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आठ नामजद एवं 15-20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है।
15 सितंबर को हरचंदपुर चौकी इंचार्ज अमित राठौर ने दिबियापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्हें सूचना मिली थी कि रामगढ़ शराब के ठेके के पास 20 से 25 लोग इकट्ठा होकर हंगामा कर रहे हैं। मौके पर आठ नामजद एवं 15-20 अज्ञात लोग थे। जब उन्हें रोका तो आरोपी हमलावर हो गए और पुलिस के साथ लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस बल ने आवश्यक बल प्रयोग करके नितिन राजपूत, दिलीप, भानू सेंगर एवं सोनू को पकड़ लिया। एक आरोपी सोनू ठाकुर को उसके साथी छुड़ा ले गए। पुलिस ने गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। पकड़े गए तीन आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया था। निरीक्षक निर्भय चंद्र ने एक अन्य आरोपी शिवम उर्फ बाला निवासी गढ़े का पुर्वा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।