औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित जालौन चौराहे के पास चार दिन पहले ट्रैवल एजेंसी के संचालक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद पांच हत्यारोपियों में दूसरे को भी पकड़ लिया है। एक हत्यारोपी को पुलिस घटना के दूसरे दिन ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने बुधवार को पूछताछ के बाद दोनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया है। फरार तीन हत्यारोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
12 अक्तूबर की शाम लगभग 7:30 बजे जालौन चौराहे पर आम्रपाली ट्रैवल एजेंसी संचालक राम प्रमोद पाल की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में एसपी सुनीति ने बताया कि मृतक की पत्नी रानी देवी की तहरीर के बाद पांच लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने नामजद हत्यारोपी प्रमोद चौबे पुत्र राजाराम निवासी मोहल्ला बनारसीदास व रजोल दीक्षित पुत्र गिरीश चंद्र निवासी मोहल्ला सत्तेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। तीन अन्य नामजद अंशुल उर्फ अंशू चौबे पुत्र प्रमोद चौबे, शिवा दीक्षित पुत्र रजोल दीक्षित व सर्वेश शुक्ला पुत्र रामबाबू शुक्ला निवासी आवास विकास फरार हैं।
पुलिस इनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि फरार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गईं हैं। टीमें लगातार दबिश दे रहीं है। जल्द ही फरार हत्यारोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उधर पुलिस ने गिरफ्तार दोनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया है। बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी में कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे, एसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल जगदीश दुबे, कांस्टेबल अजय कुमार, शाहरुख खान, अवधेश अवस्थी के अलावा सर्विलांस टीम के धर्मेंद्र कुमार, दीपक कुमार व मनीष की अहम भूमिका रही है।