औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में जालौन चौराहे के पास तीन दिन पहले एक ट्रैवल एजेंसी संचालक की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस फरार चल रहे चार हत्यारोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस बाबत सोमवार की शाम पुलिस की टीमें नोएडा और गुरुग्राम रवाना हुईं। सर्विलांस टीम भी हत्यारोपियों की तलाश में जाल बिछाए बैठी है।
जालौन चौराहे के पास 12 अक्तूबर को ट्रैवल एजेंसी संचालक रामप्रमोद पाल की उसी के घर के दरवाजे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने घटना के दूसरे दिन एक हत्यारोपी प्रमोद चौबे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जबकि, चार अन्य हत्यारोपियों अंशुल चौबे उर्फ अंशु पुत्र प्रमोद चौबे, रजोल दीक्षित, उनका पुत्र शिवा दीक्षित व उनके साथ सर्वेश शुक्ला की पुलिस को सरगर्मी से तलाश जारी है। उक्त हत्यारोपियों की तलाश को जहां पुलिस लगातार दबिशें देने में लगी हुई हैं तो वहीं सर्विलांस टीम भी पूरी तरह से अपना जाल बिछा चुकी है। ऐसे में कभी भी पुलिस के हाथ हत्यारोपियों तक पहुंच सकते हैं। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे ने बताया कि हत्यारोपियों की तलाश को पुलिस टीमें नोएडा व गुरुग्राम भेजी गई है। उम्मीद है जल्द ही हत्यारोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।