सहायल (औरैया)। कई वर्षों से चले आ रहे बर्रु गांव में नाली विवाद के मामले में प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने दोनों पक्षों को बैठाकर सुलह समझौता करा दिया।
इसी के साथ शुक्रवार को प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने बर्रु गांव पहुंचकर नाली निर्माण कराया। नाली निर्माण को लेकर ग्रामीणों में किसी तरह की कहासुनी न हो, इसको ध्यान में रखते हुए प्रभारी निरीक्षक सोमेंद्र सिंह ने गांव में फोर्स तैनात कर दिया है।
इधर कई महीने से बर्रु गांव में नाली विवाद प्रशासन के लिए सिर दर्द बना हुआ था। इसको लेकर गांव में कई बार हंगामा हुआ। बीते दिनों नाली निर्माण को लेकर ग्रामीणों और पुलिस में पथराव के बाद बर्रु के हालात बिगड़ गए थे। इसके बाद प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए दोनों पक्षों को आपस में बैठाकर मामले का निस्तारण किया।
चौकी इंचार्ज अवनीश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते के बाद नाली निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। अभी निर्माण की जगह मिट्टी डलवाकर कार्य किया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है।