बिधूना (औरैया)। ब्लॉक के एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक के खाते से 41 हजार 357 रुपये हैकर ने पार कर दिए। पीड़ित शिक्षक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर इसकी जानकारी दी और रुपये निकालने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व रुपये वापस कराए जाने की गुहार लगाई। एसपी ने मामले को क्राइम ब्रांच को सौंपा है।
ब्लॉक के गांव सूखाताल स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक/शिक्षक नेता प्रमोद कुमार भास्कर ने एक कंपनी से ऑनलाइन कुछ सामान खरीदा था। जो पसंद न आने पर कंपनी के कस्टमर केयर से बात करने के दौरान एक अन्य कॉल जुट गई और कस्टमर केयर से हुई वार्ता के आधार पर बात करते हुए विश्वास दिलाया कि कंपनी से है।
अपनी पर्सनल डिटेल उससे कुछ शेयर करने के कुछ घंटो के बाद शिक्षक के सैलरी खाते से 41357 रुपये निकल गए। पीड़ित शिक्षक के मोबाइल पर एसएमएस आने पर जानकारी हुई। रात अधिक होने के कारण शिक्षक ने सुबह बैंक पहुंचकर जानकारी की, तो मालूम हुआ कि उसके खाते से रुपये कट गए हैं। पीड़ित शिक्षक ने खाते को हैक कर रुपये निकाले जाने की जानकारी पुलिस अधीक्षक सुनीति को दी। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने मामले को क्राइम ब्रांच को सौंपा।