औरैया। फफूंद रोड पर स्थित नहर से शनिवार की शाम पुलिस ने पॉलिथीन में बंद एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया। पॉलिथीन को खोलने पर शव पर कोई भी कपड़ा नहीं मिला। साथ ही उसके हाथ व पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने शिनाख्त कराने की काफी कोशिश की, पर शव कई दिन पुराना होने के कारण पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फफूंद रोड पर स्थित नहर में बह रहे एक शव की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आनन-फानन में शव को बाहर निकलवाया। पॉलिथीन खुलवाने पर कई दिन पुराना शव होने के चलते दुर्गंध आ रही थी। मृतक युवक के शरीर पर कपड़े नहीं थे। साथ ही उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। चेहरा भी कुचला हुआ था। इस दौरान पुलिस ने काफी देर तक मृतक के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफल न हो सके।
कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे ने बताया कि शव को देखने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका प्रतीत हो रही है। फिलहाल शव की अभी शिनाख्त न होने के चलते उसे मोर्चरी में रखवाया गया है। देखने से 28-30 साल की उम्र प्रतीत होती है। हकीकत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी।