अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के रतनीपुर में बुधवार की रात चोरों ने पशु पालन विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के घर धावा बोलकर लाखों के जेवर व नगदी पार कर दिया। घटना के समय परिवार के लोग घर के बाहर सो रहे थे। गुरुवार की सुबह जागने पर वारदात की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।
इटावा रोड स्थित रतनीपुर निवासी सुभाष कुमार पशुपालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। परिवार में पत्नी सुधा के साथ पुत्र सुप्रीत, सुनीत व पुत्री सुप्रिया रह रही है। बुधवार की रात बिजली कटौती की वजह से वह परिवार के साथ घर के बाहर सो रहे थे।
रात में किसी समय चोर सीढ़ी लगाकर सुभाष के घर के पिछले हिस्से से घर में घुसे। कमरे में रखे बक्से और सूटकेस के ताले तोड़कर जेवर व बीस हजार रुपये नगद पार कर दिए। बक्से में रखे बीमा के कागजात और बच्चों के अंक पत्र भी चोर उठा ले गए।
सुबह जब परिजन जागे तो घर के अंदर बिखरा सामान देख दंग रह गए। घर के पीछे खेत में सीढ़ी और बिखरा सामान मिला। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। घटना की तहरीर सुभाष ने कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।