अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर कला में शोकसभा के दौरान डीजे बजाने से मना करने पर तमंचा लहरा कर मारपीट की गई। गांव के युवकों ने पुलिस से शिकायत की है।
रसूलपुर कलां निवासी राघवेंद्र सिंह व कुलदीप सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि रविवार दोपहर उनके चाचा की शोकसभा चल रही थी। इसी बीच गांव का एक व्यक्ति अपने तीन साथियों के साथ डीजे लेकर पहुंचा और तेज आवाज में बजाने लगा। ऐसा करने से मना किया तो सभी उग्र हो गए। गाली गलौज करने लगे। इसी बीच एक ने तमंचा लहराया। इससे लोग दहशत में आ गए।
किसी तरह लोगों ने युवक से तमंचा छीना और पुलिस को जानकारी दी। इसी बीच हमलावर भाग निकले। थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि चौकी प्रभारी अटसू से जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।