अछल्दा। कस्बा लक्ष्मी नगर के एक घर में सोमवार सुबह विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला। छत के कुंडे में साड़ी के सहारे फांसी लगाई गई थी। सास ने सूचना परिजनों व पड़ोसियों को दी। अछल्दा थाने की पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है।
लक्ष्मी नगर निवासी जयवीर यादव ट्रक चालक हैं। इनका बेटा राजू यादव दिल्ली में नौकरी करता है। राजू की शादी करीब दस माह पहले शिकोहाबाद के नगला भूपे गांव निवासी रामविलास की बेटी रीता देवी(22) से हुई थी। राजू के दिल्ली में नौकरी करने व रामविलास के लुधियाना में ट्रक चलाने की वजह से घर में रीता व उसकी सास मीना देवी ही रहती थीं। सास ने बताया कि रविवार रात बहू अपने कमरे में लेटी थी।
सोमवार सुबह उठने पर देखा कि बहू कमरे में नहीं है। ढूंढते हुए वह छत पर पहुंचीं तो बहू का शव स्टोर रूम के अंदर छत के कुंडे में साड़ी के सहारे लटका देखा। मीना ने परिजनों व पड़ोसी को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतारा और रीता के मायके पक्ष को जानकारी दी।
सूचना पर सीओ बिधूना महेंद्र प्रताप सिंह व अछल्दा थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे। सीओ ने परिजनों व आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व लड़की पक्ष से तहरीर मिलने पर मामले की जांच व कार्रवाई की जाएगी।