फोटो-10एयूआरपी-23- घटना स्थल पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण। संवाद
- फोटो : AURAIYA
बिधूना (औरैया)। साइकिल सवार को टक्कर मारकर भाग रही कार का पीछा कर रहे बाइक सवारों को सामने से आ रही दूसरी कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थानाक्षेत्र के बिधूना रामगढ़ मार्ग पर भिखरा गांव के समीप एक दुकान पर सौरभ सिंह उर्फ मून्नू पुत्र सुरेश सिंह निवासी हमीरपुर थाना बिधूना अपने साथी जैकी चौहान निवासी आर्य नगर व प्रशांत सिंह निवासी सराय के साथ बैठे थे। इसी बीच रामगढ़ मार्ग पर एक कार साइकिल सवार को टक्कर मारकर भागने लगी। इस पर तीनों बाइक पर बैठकर कार का पीछा करने लगे। भसैरा पुल के पास पहुंचते ही सामने से आ रही दूसरी कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में सौरभ उर्फ मून्नू (30) की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि जैकी व प्रशांत घायल हो गए। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इधर ग्रामीणों की भीड़ भी एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने हंगामा करने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद कानपुर रेफर किया गया है। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।