अजीतमल (औरैया)। बाबरपुर कस्बे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक सवारों को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। जिन्हें सैफई रेफर किया गया है।
बाबरपुर कस्बे के मोहल्ला लक्ष्मी नगर निवासी अशोक तिवारी पुत्र पार्थ उर्फ मनु तिवारी के साथ भरथना रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से रविवार बाइक से लौट रहे थे। लौटते समय उनके साथ मदनेपुर कुठोंद जालौन निवासी सरोज पत्नी सत्य नारायण मिश्रा भी थी। बाबरपुर कस्बा स्थित सिकरोडी मोड़ के पास पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक से गिरी सरोज की मौत हो गई। जबकि अशोक व पुत्र पार्थ घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को सीएचसी में भर्ती कराया। दोनों को सैफई रेफर किया गया है। कोतवाली निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ट्रक पकड़ लिया है। चालक भागने में सफल रहा।