अजीतमल (औरैया)। गोशालाओं में व्याप्त अव्यवस्था पर अफसर गंभीर हैं। मंगलवार को अजीतमल के अटसू में संचालित गोशाला का एसडीएम ने निरीक्षण किया। इस दौरान कई गोवंश बीमार और कमजोर मिलने पर जिम्मेदारों को फटकार लगाई।
नगर पंचायत अटसू द्वारा पुराने पंचायत घर में संचालित गोशाला का उपजिलाधिकारी विजेता ने औचक निरीक्षण किया। उन्हें गोशाला में गंदगी का अंबार मिला। पानी की पर्याप्त व्यवस्था और चारे का रखरखाव ठीक नहीं मिला। इसे देखकर एसडीएम ने ईओ को तत्काल सुधार के निर्देश देने के साथ ही फटकार लगाई। एसडीएम ने बताया कि गोवंशों की स्थिति ठीक नहीं मिली है। सफाई व्यवस्था भी खराब है। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। पशु चिकित्साधिकारी को बीमार गोवंशों का तत्काल इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बीमार गोवंशों को धूप में बैठा देख एसडीएम नाराज
बिधूना। ब्लाक की भिखरा गोशाला का उपजिलाधिकारी राशिद अली खान ने मंगलवार को निरीक्षण किया। बीमार गोवंशों को धूप में देख सचिव की क्लास ली। व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
एसडीएम ने सेवादारों से तत्काल बीमार गोवंशों को छाया में करवाया। सेवादारों को निर्देश दिए कि वह चारे, पानी की समय से व्यवस्था करें। एसडीएम ने बताया कि भिखरा में नए पंचायत सचिव की तैनाती के बाद कुछ सुधार है, जो खामियां है उन्हें भी जल्द सुधारा जाएगा। परिसर में पौधरोपण कराने के निर्देश दिए गए हैं। (संवाद)
प्रधान और संस्थाएं संवारें गोशालाएं
अजीतमल। गोशालाओं में गोवंशों को चारा, पानी समय से मुहैया कराने और सुधार के लिए बीडीओ ने बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रधान और स्वयं सेवी संस्थाएं मिलकर गोशालाओं की व्यवस्था सुधारें।
बीडीओ अश्वनी सोनकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में पशु चिकित्साधिकारी, प्रधान, स्वयं सेवी संगठन के सदस्य मौजूद रहे। बीडीओ ने कहा कि बीमार गोवंशों का समय से इलाज कराया जाए। इसके साथ ही सफाई के लिए कूड़ा गाड़ी की व्यवस्था की जाए। गोवंश की मौत होने पर उसकी जानकारी देने के साथ पोस्टमार्टम जरूर कराएं। इस दौरान डॉ. कैलाश, डॉ. उमेंश, डॉ. प्रमोद, डॉ. दीपक, एडीओ पंचायत अतुल मिश्रा, स्वयंसेवी संस्था से लाखन सिंह तथा शिवमहेश दुबे मौजूद रहे।