औरैया। कोरोना वैक्सीन लगाने का अभियान मंगलवार से पूरी तरह ठप हो गया। दोपहर बाद जिले के कई केंद्रों पर पहुंचे लोगों को बिना डोज दिए ही लौटा दिया गया। वैक्सीन की किल्लत को देखते हुए एक जुलाई से शुरू होने वाले महाअभियान पर ग्रहण लगता नजर आ रहा है। मांग के बाद भी पर्याप्त वैक्सीन न मिलने से अफसर भी चिंतित हैं। ऐेसे में तीसरी लहर से कैसे निपटा जाएगा।
जिले में शनिवार शाम को 1470 कोवाक्सीन और 400 कोविशील्ड बची थीं। रविवार को 3500 डोज मुहैया कराई गई थी। सोमवार को 3824 लोगों को टीका लगाया गया। इसके बाद जिले में 76 डोज कोविशील्ड और 1470 कोवाक्सीन बचीं। इसी से मंगलवार को काम चलाया गया। इस दौरान ट्रायल और क्लस्टर अभियान बंद कर दिए गए। मंगलवार को कुल 508 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। कोविशील्ड न होने के कारण कोवाक्सीन का कुछ जगह इस्तेमाल किया गया। दोपहर बाद टीकाकरण बंद करा दिया गया। अधिकारियों ने 1050 कोवाक्सीन इमरजेंसी के लिए रोक ली हैं।
अधिकारी बढ़ा रहे दूसरी डोज की तिथियां
टीकाकरण केंद्रों पर मंगलवार को 18 से 44 साल के लाभार्थियों को प्राथमिकता दी गई। वहीं 45 से ऊपर वालों को दूसरी डोज ही लगाई गई। दोपहर बाद वैक्सीन खत्म होने पर लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। जिला अस्पताल से लेकर सभी केंद्रों पर यही स्थिति रही। वहीं वैक्सीन की कमी के चलते दूसरी डोज लगवाने वाले लाभार्थियों की तिथियों को अधिकारी बढ़ा रहे हैं।
जागरुकता बढ़ी तो किल्लत शुरू
टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचे लाभार्थियों में व्यवस्था को लेकर रोष दिखा। कुछ लाभार्थियों ने कहा कि अभी प्रशासन को लक्ष्य की चिंता थी तो घर-घर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा था। अब लोग जागरुकता दिखाकर वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं तो उन्हें वैक्सीन न होने की समस्या बता वापस किया जा रहा है।
अब तक इतनों को लगा टीका
जिले में अब तक 161343 लाभार्थियों को वैक्सीन लग चुकी है। इनमें 132674 को पहली और 28669 लाभार्थियों को दूसरी डोज लगी है। एक महीने में 18 से 44 साल के 34118 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया है। प्रतिदिन के लक्ष्य के हिसाब से 80 हजार युवाओं को वैक्सीन लग जानी चाहिए थी।
जनपद में वैक्सीन खत्म हो चुकी है, उच्चाधिकारियों ने वैक्सीन मुहैया कराने की बात कही है। वैक्सीन समय से मिलेगी तभी बुधवार को 10 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान शुरू हो सकेगा। - डॉ. अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी टीकाकरण अभियान