औरैया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आठ फरवरी को जिला जजी परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी ली गई हैं। गुरुवार को जिला न्यायाधीश शिवकुमार ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। लोक अदालत के जरिये जिले के न्यायालयों में एक हजार से अधिक वाद सुलह-समझौते से निस्तारित करने की रूपरेखा बनाई गई है।
जिला जजी परिसर स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग हाल में गुरुवार को नोडल अधिकारी (प्रधान न्यायाधीश) राजबहादुर सिंह मौर्या की अध्यक्षता में प्री-ट्रायल बैठक हुई। इसमें मोटर दुर्घटना क्लेम, बैंक विवाद, विद्युत अधिनियम के अधिक से अधिक मामले सुलटाने की रूपरेखा बनाई गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि इस लोक अदालत में निस्तारित होने वाले मामलों के पक्षकारों को सूचना भेजी गई है। उन्होंने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समीक्षा बैठक में जिला जज शिवकुमार के अलावा अपर जिला जज रजत सिन्हा, मीनू शर्मा, प्रथमकांत, महेश चंद्र वर्मा व रामनेत आदि मौजूद रहे।