बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवीन बस्ती में 19 जनवरी को विद्यालय की तीसरी मंजिल पर मिले एसजीएस इंटर कॉलेज के प्रबंधक व उनकी पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। एसपी ने टीम के साथ शुक्रवार को सुखचैनपुर के एक घर में छापा मारकर युवक को उठाया है।
पुलिस की पूछताछ में कई अहम जानकारियां भी सामने आई हैं। पुलिस जल्द खुलासा करने की बात कह रही है। उधर, शुक्रवार को एक बार फिर से कानपुर से आई फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
कोतवाली क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुए एसजीएस इंटर कॉलेज के प्रबंध गंधर्व सिंह व उनकी पत्नी कमला देवी के विद्यालय की तीसरी मंजिल पर स्थित आवास में शव मिलने के मामले में पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस पूरी ताकत लगाए हुए है। हिरासत में मौजूद कुछ युवकों से पूछताछ के बाद शुक्रवार को पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के गांव सुखचैनपुर स्थित एक युवक के घर पर छापा मार।
एसपी ने घर में मौजूद एक युवक से लगभग आधा घंटे तक सख्ती के साथ पूछताछ की। वहीं, शुक्रवार को एक बार फिर से कानपुर से आई फारेंसिक टीम ने घटना स्थलों का निरीक्षण कर कुछ साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। सूत्रों की माने तो पहली बार गुरुवार को कानपुर से आई फारेंसिक टीम द्वारा पर्याप्त नमूना न जुटा पाने के चलते एक बार फिर से उनकी ओर से घटना स्थल का निरीक्षण किया गया।
उधर, सूत्रों की माने तो प्रबंधक व उनकी पत्नी की हत्या के बाद बीआरसी परिसर में मिले सिक्योरिटी गार्ड विमल के शव के पास कुछ लोगों को एक मोबाइल मिलने का भी पता लगा है। जो लोगों में चर्चा का विषय है। इस प्रकरण में पुलिस मोहल्ले के कुछ युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ करने में लगी हुई है।