औरैया/ककोर।
जनपद में स्थानांतरित होकर आए 181 शिक्षकों को स्कूल आवंटन को लेकर बुधवार को जनता इंटर कॉलेज ककोर बुजुर्ग में विभाग की ओर से काउंसलिंग का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे शुरू काउंसलिंग की प्रक्रिया देर शाम आठ बजे के करीब तीन चरणों में समाप्त हो गई।
जिले में स्थानांतरित होकर आए तीन प्रधानाध्यापकों को बीते 13 सितंबर को हुई काउंसलिंग के दौरान ही तैनाती दे दी गई थी। 14 सितंबर को रद्द हुई प्रस्तावित काउंसलिंग को बुधवार को संपन्न कराया गया। तीन चरणों में इस प्रक्रिया को पूरा किया गया। पहले चरण में 12 दिव्यांग शिक्षकों को स्कूल आवंटित हुए। इसके बाद 138 महिला शिक्षकों के स्कूल आवंटन की प्रक्रिया पूरी हुई। वहीं अंत में 31 पुरुषों को स्कूल आवंटित हुए।
कंट्रोल रूम व परिसर में दो जगह लगाई गई प्रोजेक्टर स्क्रीन पर सब कुछ स्पष्ट दिखाया जाता रहा। इससे पहले सुबह 10 बजे पहुंचे शिक्षकों ने सबसे पहले अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी शिक्षकों की मौजूदगी इस दौरान दर्ज होने के बाद प्रक्रिया को शुरू किया गया। पटल पर तैनात कर्मचारियों के द्वारा लगातार शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाते रहे। किसी प्रकार की त्रुटि न हो इसे लेकर बीएसए का पैनल कंट्रोल रूम से मॉनीटरिंग करता रहा।
गैरजनपद से स्थानांतरित होकर आए 181 शिक्षकों को काउंसलिंग के बाद स्कूल आवंटित कर दिए गए हैं। किसी प्रकार की समस्या इस दौरान नहीं रही। पारदर्शी व्यवस्था के तहत सार्वजनिक तौर पर शिक्षकों को स्कूल आवंटित किए गए हैं।
- अनिल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी