फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परिषदीय स्कूल : कागजों पर दौड़ा स्कूल चलो अभियान, कहीं पांच तो कहीं छह छात्र

Sat, 01 Aug 2026 12:34 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया
विज्ञापन
विज्ञापन
औरैया। परिषदीय स्कूलों में छात्र नामांकन में बढ़ोतरी हो इसके लिए शासन प्रशासन का जोर है, लेकिन स्कूलों में छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान कागजों में ही दौड़ता दिखाई दिया। धरातल पर हकीकत कुछ और ही है। यही वजह है कि अफसरों की हो रही मॉनिटरिंग में जिले के 76 परिषदीय स्कूलों में छात्र नामांकन चिंताजनक स्थिति में पाया गया है। ऐसे में यहां के प्रधानाध्यापकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
विज्ञापन


जिले में एक जून से जारी स्कूल चलो अभियान के तहत अभी तक कुल 18,232 छात्रों के दाखिले परिषदीय स्कूलों के कक्षा एक में हो सके हैं। जबकि पिछले सत्र में यह आंकड़ा 24,919 था। तय लक्ष्य के सापेक्ष छह हजार बच्चों के दाखिले इस बार परिषदीय स्कूलों में कम हुए हैं। पिछले साल परिषदीय स्कूलों के कक्षा एक से आठ तक की कक्षाओं में 99,117 छात्र पंजीकृत थे, जोकि इस बार महज 89,465 तक सीमित हैं।

जिला स्तर पर हो रही स्कूल चलो अभियान की समीक्षा में 76 स्कूलों की स्थिति चिंताजनक पाई गई है। वहीं, अन्य स्कूलों में भी छात्रों के दाखिलों की रफ्तार सुस्त हैं। बीएसए की ओर से इन 76 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी करते हुए 15 अगस्त तक दाखिले बढ़ाने का अल्टीमेटम दिया गया है। अन्यथा की स्थिति में वेतन रोकने की चेतावनी भी दी गई है।
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से शुक्रवार को स्कूलों में की गई पड़ताल में भी कई स्कूल चिंताजनक नजर आए। किसी स्कूल में छात्र संख्या पांच तो किसी में छह तक नजर आई। जबकि पिछले सत्र में यह आंकड़ा दहाई के अंक पर था।

फोटो-1- कंचौसी कंपोजिट स्कूल की कंप्यूटर लैब में पढ़ाई करते बच्चे। स्रोत:शिक्षक

बेहतर शैक्षणिक माहौल के बीच कुछ स्कूलों में बढ़ गया छात्र नामांकन

ऐसा नहीं है कि जिले के सभी परिषदीय स्कूलों में छात्र नामांकन में गिरावट आई है। कुछ स्कूल विभाग ने ऐसे भी चिह्नित किए हैं। जहां पर बेहतर व्यवस्थाओं के जरिए छात्र नामांकन में बढ़ोतरी पाई गई है। यहां के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित करने के लिए विभाग तैयारी भी बना रहा है। कंप्यूटर आधारित शिक्षण कार्य व शिक्षकों के बेहतर इंतजामों के बीच कंपोजिट स्कूल ग्वारी के दिन बहुर गए हैं। यहां पर पिछले साल छात्र नामांकन 230 के करीब था। इस बार यहां पर 42 नए दाखिले हुए हैं। ऐसे में छात्र नामांकन 252 पर पहुंच गया है। यहां पर प्रधानाध्यापक अजीत सिंह के अलावा नौ सहायक, एक शिक्षामित्र व एक अनुचर की तैनाती है। इसी तरह पीएमश्री कंपोजिट स्कूल कंचौसी में डिजिटल लाइब्रेरी, आईसीटी लैब, डिजिटल बोर्ड, इनडोर कोर्ट समेत कई इंतजाम किए गए हैं। पिछले साल यहां छात्र संख्या 249 थी। इस बार यह संख्या 260 तक पहुंच गई है। इसमें 15 अगस्त तक और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

केस-01

चार रह गई छात्र संख्या

अछल्दा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नगला नया में पिछले साल छात्र संख्या 10 थी। कक्षा पांच के छात्रों के उत्तीर्ण हो जाने के बाद इस बार छात्र संख्या चार रह गई थी। यहां महज एक छात्र का दाखिला हो सका है। ऐसे में स्कूल में महज पांच छात्र बचे हैं।

केस-02

शिक्षक कर रहे गांव में संपर्क

अछल्दा ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल भिटारी में पिछले साल छात्र नामांकन छह था। इस बार भी छात्रों के उत्तीर्ण होने और नए दाखिले होने के बाद भी छात्र संख्या छह तक ही सीमित है। स्कूल के शिक्षक गांव में संपर्क करने का दावा कर रहे हैं।

केस-03

एक छात्र का नए सत्र में नामांकन

अछल्दा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय घासी का पुरवा में पिछले साल छात्र संख्या 20 थी। पांचवीं कक्षा के छात्रों के पास हो जाने के बाद स्कूल में 16 छात्र बचे हैं। जबकि एक छात्र का नामांकन नए सत्र में हुआ है। ऐसे में स्कूल का छात्र नामांकन महज 17 पर पहुंच पाया है।

केस-04

पिछले साल के मुकाबले कम हुई संख्या

दिबियापुर कस्बा के बेला रोड स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल में पिछले साल छात्र संख्या 113 थी। इस बार स्कूल में छात्र संख्या महज 106 रह गई है। पिछले साल के मुकाबले यह बढ़ने के बजाय छह और कम हो गई है। स्कूल के प्रधानाध्यापक शकील अफरोज ने बताया कि छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए लगातार संपर्क किया जा रहा है।

केस-05

इस बार 20 छात्रों का नामांकन

भाग्यनगर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय लखनापुर में पिछले साल छात्र नामांकन 82 था। इस बार यह नामांकन 62 पर पहुंच चुका है। छात्रों की संख्या में 20 की कमी आई है। जबकि प्रधानाध्यापक नरेंद्र कुमार के मुताबिक लगातार अभिभावकों से संपर्क किया जा रहा है।

केस-06)

नामांकन बढ़ने को घर-घर कर रहे संपर्क

नगर पंचायत अजीतमल के मोहल्ला गांधीनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय अमिलिया में पिछले सत्र में छात्र संख्या 50 रही थी। इस बार छात्र संख्या 45 रह गई है। प्रधानाध्यापक पवन कुमार ने बताया कि छात्र संख्या बढ़ाने के लिए स्कूल चलो रैली सहित घर-घर संपर्क किया गया है। 15 अगस्त तक छात्र नामांकन बढ़ जाने की उम्मीद है।

परिषदीय स्कूलों में छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए मॉनिटरिंग की जा रही है। सुस्ती को लेकर 76 स्कूलों को नोटिस जारी किए गए हैं। लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापकों पर कार्रवाई भी की जाएगी।-संजीव कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें