औरैया सदर ब्लॉक के गांव चिरुहूली में 10 दिन में करीब 10 लोगों की मौत हो चुकी है। गांव के लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति बेहद गुस्सा है। ग्रामीणों के मुताबिक शैलू चतुर्वेदी, दीपू चतुर्वेदी, हलीम मास्टर, प्रहलाद, महाराज सिंह, तेज सिंह आदि की मौत हुई है। इन सभी को बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत थी। इसके अलावा शहर में भी दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है। अंतिम संस्कार ज्यादातर शेरगढ़ घाट पर ही किए जा रहे हैं। रोजाना करीब 15 से 20 शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
पंचायत चुनाव के बाद बिगड़ी स्थिति
पंचायत चुनाव के बाद लगातार मौतों से गांव संभल नहीं पा रहे हैं। मंजर यह है कि हर रोज चिताएं चल रहीं हैं। अधिकतर गांवों में लोग बीमार हैं। हालत गंभीर होने पर कुछ लोग शहर की तरफ दौड़ते हैं और कुछ लोग गांव में ही दम तोड़ देते हैं। न संदिग्ध लोगों को क्वारंटीन कराया जा रहा है न ही शेल्टर होम बनाए गए हैं। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की जांच भी नहीं की जा रही है। एक माह में जिले भर में 50 ऐसे लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण थे।
कोरोना संक्रमित लोगों का प्रोटोकाल के तहत अंतिम संस्कार कराया जा रहा है। यदि घाट पर शवों को बिना जलाए ही प्रवाहित किया जा रहा है तो उसके लिए ग्राम स्तर पर गठित निगरानी समिति को सक्रिय किया जाएगा। साथ ही निगरानी रखने के लिए वहां किसी की तैनाती की जाएगी- सुनील कुमार वर्मा, डीएम औरैया