औरैया। गेल के एक अधिकारी द्वारा डीएम औरैया को कैरोना वायरस से संक्रमित संदिग्ध मरीज के घूमने की जानकारी दी गई। इससे जिले के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उस संदिग्ध व्यक्ति को लगभग 3 घंटे की मशक्कत के बाद ढूंढ निकाला। हालांकि न तो वह व्यक्ति कभी विदेश गया था और न ही वह कोरोना संक्रमण के कोई लक्षण मिले।
हुआ यूं कि शुक्रवार को दोपहर गेल पाता के एक वरिष्ठ अधिकारी ने डीएम औरैया को सूचना दी कि एक व्यक्ति संदिग्ध रूप से कोरोना से संक्रमित है। वह खुलेआम घूम रहा है। इस पर डीएम ने मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई। नोडल अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के अनुसार डीएम से जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन संदिग्ध मरीज को ढूढने का प्रयास किया गया।
मोबाइल नंबर के आधार पर उस व्यक्ति को लगभग 3 घंटे की मशक्कत के बाद ढूढ लिया गया। वह युवक औरैया की एक ऑटोमोबाइल वर्कशाप में काम करता है। जानकारी लेने पर पता चला कि उस व्यक्ति के पास न तो पासपोर्ट है और न ही वह कभी विदेश यात्रा पर गया। उसे कोरोना संक्रमण जैसे कोई लक्षण भी नहीं मिले। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली।