दिबियापुर (औरैया)। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने फिर सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को कुल 31 लोगों की जांच की गई।
सोमवार को रेलवे स्टेशन फफूंद पर रुकने वाली ट्रेनों से आए यात्रियों की आरटीपीसीआर (कोरोना संक्रमण) जांच की गई। सीएचसी दिबियापुर के अधीक्षक डा. जितेंद्र यादव ने बताया कि फफूंद रेलवे स्टेशन पर छह यात्रियों की कोरोना जांच की गई। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. शिशिर पुरी ने बताया कि गेल में बाहर से आए चार लोगों की जांच की गई। औरैया बस स्टैंड पर 21 लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। मुख्य रूप से दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, केरल से आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है।