औरैया। जिले में तीन दिन टीकाकरण अभियान तेजी से चलेगा। कोविशील्ड वैक्सीन की 14 हजार डोज मिल गईं हैं। सोमवार को 7500 से अधिक लाभार्थियों का टीका लगवाया।
सोमवार को पहले से मौजूद 4760 कोवाक्सीन और 970 कोविशील्ड मिलाकर कुल 19730 डोज रहीं। सोमवार को छह हजार लाभार्थियों के टीकाकरण का लक्ष्य था। 115 स्थानों पर वैक्सीन लगाई गई। लक्ष्य से अधिक टीकाकरण होने पर विभागीय अधिकारी उत्साहित दिखे। लेकिन वैक्सीन की संख्या कम होने पर चिंतित भी नजर आए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि टीकाकरण अभियान ने गति पकड़ी है।
मोबाइल पर आने वाले ओटीपी और पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन को लेकर सुबह से लेकर दोपहर तक लाभार्थियों को दिक्कतें रहीं। 50 शय्या अस्पताल पहुंचे लाभार्थी कोविड कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारियों के पास समस्या निस्तारण के लिए पहुंचे। अधिकारियों ने उनकी समस्या का समाधान किया। ओटीपी देरी से आने पर लोगों को इंतजार करना पड़ा।
कोविड नियमों की हुई अनदेखी
अयाना(औरैया)। सीएचसी में सोमवार को टीका लगने की खबर पर भारी संख्या में लोग पहुंचे। यहां कोविड नियमों टूटते दिखे। अधीक्षक डॉ. अजय कुमार की देखरेख में फार्मासिस्ट संजय पाल, पुष्पेंद्र ने 18 वर्ष से अधिक उम्र के 126 लोगों को पहली डोज लगाई।