औरैया। कोरोना संक्रमण कम होने पर लोगों ने लापरवाही बरतनी शुरू कर दी है। यही कारण है कि कुछ दिन तक कोई संक्रमित न मिलने के बाद फिर से नए केस मिलने लगे हैं। सोमवार को तीन मरीज मिले हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग भी परेशान है। अधिकारियों ने सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को मिले संक्रमितों में एक अयाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी 22 वर्षीय युवक, दूसरा गांव कुमापुर भड़ारीपुर निवासी वृद्ध और तीसरा स्टेशन रोड अछल्दा निवासी अधेड़ है। वहीं एक मरीज ने कोरोना से जंग जीती है।
जिले में अब कुल एक्टिव केस 22 हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट छह हैं। होम आइसोलेशट दो मरीज हैं। जिले के बाहर के प्राइवेट कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या 20 है। सोमवार को स्वास्थ्य टीमों ने शिविर लगाकर 1806 सैंपल लिए। सैफई लैब से अब आरटीपीसीआर के 509 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार हैं। सीएमओ ने तीसरी लहर से बचाव के लिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।