औरैया। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या घट रही है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग को मिली रिपोर्ट में चार कोरोना संक्रमित मिले। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सैफई से आए सैंपलों की रिपोर्ट में चार पॉजिटिव आए हैं। शहर के मोहल्ला गोविंद नगर में एक, सेहुद मंदिर दिबियापुर में एक, ऐरवाकटरा में एक, अछल्दा कस्बे में एक संक्रमित मरीज मिला है। अब कुल संक्रमित मरीज 2865 हो चुके हैं।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि कोरोना की रफ्तार का आकलन सक्रिय केस से होता है। एक सप्ताह के आंकड़े देखें तो जिले में कोरोना के सक्रिय केस कम होते जा रहे हैं। पिछले 15 दिनों से लगातार संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी देखने को मिल रही है। एक्टिव केस 170 है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने आने वाले दिनों में सक्रिय केस कम होने की उम्मीद जताई है। सक्रिय केसों में भी बिना लक्षण वाले संक्रमित मरीज हैं।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी देखने को मिली है, वहीं एक्टिव केस भी कम हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार शिविर लगाकर सैंपल ले रहीं हैं।