औरैया। जिले में कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा। रोजाना संक्रमित मिल रहे हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के पास आई सैंपल की रिपोर्ट में 15 कोरोना पॉजिटिव मिले। अभी तक 496 संक्रमित सामने आ चुके हैं। साथ ही 265 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, दो की जान चुकी है। अब एक्टिव केस 229 हैं।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मंगलवार को 14 संक्रमित मरीज और मिले हैं। इनमें कस्बाजाना का एक व्यक्ति, कछपुरा बिधूना का एक व्यक्ति, बिधूना तिलकनगर के छह लोग, बिधूना लोहामंडी का एक, बिधूना किशोरगंज का एक, सहार का एक, कांशीराम कालोनी के तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि एंटीजन किट से जल्दी जांच रिपोर्ट मिल जा रही है।
टीम गांव गांव जाकर जांच कर रही है। इससे मरीज भी जांच कराने के लिए आगे आ रहे हैं। इससे मरीजों की संख्या बढ़ रही है। पॉजिटिव आए मरीजों और उनके संपर्कियों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। 24 घंटे में कुल 616 सैंपल जांच लिए गए। 42 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अभी भी 616 सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। नोडल अधिकारी शिशिर पुरी ने बताया कि 10 दिनों से होम आइसोलेशन में रह रहे 42 मरीज ठीक हो चुके हैं।