औरैया। शुक्रवार को दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। प्रशासन ने संक्रमितों के घर के आसपास के क्षेत्र को सील करने के निर्देश दिए किए हैं। एक महिला की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उसे घर भेज दिया गया। जिले में अभी तक 120 संक्रमित सामने आ चुके हैं। 103 मरीज स्वस्थ गए हैं और दो लोगों की मौत हो चुकी है। इस तरह अब एक्टिव केस 15 हैं।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि शुक्रवार को आईं रिपोर्ट में दो पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में 40 वर्षीय पुरुष लक्ष्मी नगर बाबरपुर, जबकि दूसरा पॉजिटिव केस 30 वर्षीय पुरुष फूलपुर अजीतमल निवासी है। सात जुलाई को इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। यह दोनों पॉजिटिव व्यक्तियों के संपर्क में आए थे। इन्हें दिबियापुर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, शहर के नारायनपुर मोहल्ला निवासी महिला की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे घर भेज दिया गया। प्रशासन ने संक्रमितों के घर के आसपास के क्षेत्र को सील करने के निर्देश दिया है। साथ ही स्वास्थ्य अधिकारियों को पाजिटिव आए व्यक्तियों के संपर्कियों के सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि शुक्रवार को 351 सैंपलों की रिपोर्ट जांच के लिए सैफई भेजी गई है। जिसमें न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी व अधिवक्ता भी शामिल हैं। अब कुल 624 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। अभी तक 7847 सैंपलों की जांच जिले में कराई गई। जिसमें पांच सैंपल रिपीट किए गए हैं। 7111 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।