फफूंद (औरैया)। फफूंद क्षेत्र के गांव नानपुर में बाहर से लौटी एक महिला के कोरोना संक्रमित होने के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। महिला की रिपोर्ट आते ही उसके साथ लौटे अन्य लोगों व ट्रैक्टर से जिला अस्पताल तक ले जाने वाले लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम मेडिकल जांच के लिए ले गई। गांव में पहुंची बीडीओ ने गांव को सैनिटाइज किए जाने का आदेश दिया।
रविवार को जिले में कोरोना संक्रमित प्राप्त दो रिपोर्ट में एक महिला 14 मई को अपने परिवार के करीब 21 लोगों के साथ हरियाणा के गुरुग्राम से अपने घर फफूंद क्षेत्र की ग्राम पंचायत सल्हापुर के गांव नानपुर जाने के लिए पिकअप से पहुंची थी, लेकिन घर के लोगों की जागरूकता से उन्हें फफूंद में ही रोक दिया गया। सबसे पहले सभी लोग सीधे ट्रैक्टर के जरिये जिला अस्पताल जांच के लिए गए।
प्रारंभिक जांच जिला अस्पताल में हुई तो लक्षणों के आधार पर महिला समेत छह लोगों को कोरोना जांच के लिए रोक लिया गया। शेष को होम क्वारंटीन की सलाह देकर जाने दिया गया। उसमें से शेष बचे 15 लोग वहीं गांव से बाहर बने खाली घर में रह रहे थे।
अब उनमें महिला की जांच पॉजिटिव आने पर सभी की जांच होंगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को नानपुर गांव पहुंची महिला के साथ लौटे अन्य 15 लोगों के अलावा उसके साथ ट्रैक्टर लेकर मेडिकल जांच कराने गए छह व एक महिला के परिवार के बुजुर्ग सहित कुल 22 लोगों को गांव से ले गई। गांव में पहुंचीं बीडीओ भाग्यनगर शांति यादव ने क्वारंटीन रह रहे लोगों के मकान व आसपास क्षेत्र में सैनिटाइज कराने का आदेश दिया।