अजीतमल (औरैया)। शेल्टर होम में रोके गए प्रदेश व बाहर के 202 लोगों को क्वारंटीन की अवधि पूरी होने पर मंगलवार को छह बसों से उनके घरों को रवाना किया गया। तहसील प्रशासन ने सभी को भोजन व राशन सामग्री देकर विदा किया।
बाबरपुर अजीतमल नगर पंचायत क्षेत्र मेें आठ तथा अटसू नगर पंचायत क्षेत्र में तीन जगह शेल्टर होम बनाए गए हैं। प्रदेश व बाहर से आने वाले लोगों इन शेल्टर होम में क्वारंटीन किया जा रहा है। मंगलवार को क्वारंटीन की 14 दिन की अवधि पूरा होने पर डीएम के आदेश पर 202 लोगों को छह बसों से उनके घरों को भेजा गया।
एसडीएम रमेश यादव व तहसीलदार संध्या शर्मा ने बताया कि शेल्टर होम में रुके बलिया के 59 लोगों को रोडवेज की दो बस, चंदौली के 21 लोगों को एक बस, सुल्तानपुर के 67 लोगों को दो बस व सिद्धार्थ नगर के 13 लोगों को एक बस से भेजा गया है। आसपास के 20 लोगों और बिधूना के 22 लोगों को अन्य वाहनों का इंतजाम कर भेजा गया। सभी को भोजन और राशन सामग्री देकर भेजा गया।