औरैया। हिम्मत, हौसले और डॉक्टरों के अथक प्रयास से चार और कोरोना संक्रमितों ने बीमारी को मात दी। यह सभी एक ही परिवार के हैं। यह संक्रमित मरीज हालेपुर गांव व दिबियापुर के हैं।
अब कोरोना से जंग जीतने वालों की संख्या 13 पहुंच गई है। यह सभी कन्नौज के तिर्वा अस्पताल में भर्ती हैं। डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि इन्हें औरैया लाने के लिए विशेष एंबुलेंस रवाना कर दी गई है। रात तक या सुबह इनके आने की संभावना है। वहीं, जिले में अब कनफर्म केस तीन रह गए हैं। उधर, 60 प्रवासी मजदूरों समेत छह रेंडम सैंपल की जांच रिपोर्ट आ गई है, सभी की निगेटिव रिपोर्ट आई है।
पांच अप्रैल को पारस अस्पताल आगरा से अपनी मैनपुरी निवासी बहन का इलाज कराकर 17 अप्रैल को लौटा युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। हालेपुर गांव निवासी इस व्यक्ति के संपर्क में आने से छोटे भाई की पत्नी, मां, दिबियापुर निवासी बहन व भांजा (मैनपुरी निवासी बहन की लड़का) भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।
इन सभी को कन्नौज के तिर्वा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आ गई हैं। डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि तिर्वा में अब इंदौर से लौटे नमकीन बेचने वाले तीन मरीज ही भर्ती है, इस प्रकार कुल एक्टिव केस तीन है। उधर, मंगलवार को 60 प्रवासी मजदूरों समेत छह रेडम सैंपल की जांच रिपोर्ट आ गई है। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने से जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
हालेपुर गांव निवासी कोरोना संक्रमित की दोबारा जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर वह परिजनों के पास पहुंचकर बेहद खुश है। स्वस्थ हुए युवक का कहना है कि बच्चों की दुआ से वह ठीक होकर परिवार के बीच पहुंच गया। वहीं, मंगलवार की शाम छह बजे तक उसे घर पहुंचे 24 घंटे हो चुके है, लेकिन प्रशासनिक मदद नहीं मिली है। वह व परिवार के लोग घर में अनाज न होने से भूखे हैं। बच्चों को बिस्कुट खिलाकर गुजरा हो रहा है।
उधर, कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आने पर तिर्वा से घर पहुंचे युवक ने बताया कि परिजनों से बिछड़ने का दुख हुआ था। अब ठीक होकर घर पहुंचने पर काफी खुश है। परिजनों के साथ ईद अब अच्छी तरह से मनेगी।