औरैया। कोरोना की जांच के लिए 14 दिन में 252 लोगों के सैंपलों को लेकर जांच के लिए भेजा गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 104 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। इसके साथ 10 सैंपलों की दोबारा जांच कराई जाएगी। जो रिपोर्ट आने को अभी बाकी हैं, उनमें हालेपुर गांव के लोग शामिल हैं। उधर, डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट देरी से आने पर दिक्कतें हो रहीं हैं। जांच के लिए अब सैंपल लखनऊ भेजे जाएंगे।
कोरोना संक्रमण की जांच के लिए जिले में सैंपल लेकर उन्हें लखनऊ भेजने की प्रक्रिया 16 मार्च से प्रारंभ की गई थी। पहले दिन सिर्फ एक सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। नोडल अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि 14 दिन में 252 सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जिसमें अभी तक 10 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव रही है। निगेटिव रहे लोगों की संख्या 125 है।
उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को 18 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें आठ की रिपोर्ट निगेटिव रही। जबकि 10 की दोबारा जांच कराई जाएगी। इसके बाद 17 अप्रैल को भेजे गए 59 और 18 अप्रैल को भेजे गए 46 सैंपलों की रिपोर्ट अभी आना बाकी है। इन दो दिनों में हालेपुर गांव के 47 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। जिनमे 46 लोगों की रिपोर्ट अभी आना बाकी है। बताया कि इन सैंपलों को जांच के लिए सैफई भेजा गया है। इनकी रिपोर्ट मंगलवार की शाम तक आने की उम्मीद है।