औरैया। सौ शय्या जिला अस्पताल चिचौली के क्वारंटीन वार्ड में मौजूद निगेटिव रिपोर्ट वाले 9 जमातियों व अजमेर से आए एक युवक को गुरुवार की रात खानपुर कस्बे के मदरसे में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट किया गया। इसके पहले गुरुवार को दोपहर अधिकारियों ने मदरसे का निरीक्षण किया।
कस्बा खानपुर में 31 मार्च को कुरैशियान मस्जिद में ठहरे दिल्ली से आए तब्लीग जमात के 13 लोग मिले थे। इन 13 जमातियों में चार की कोरोनो जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी। जबकि अन्य नौ जमातियों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें जिला अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। वहां से उन्हें बाद में क्वारंटीन वार्ड में भेजा गया था। इधर अजमेर से पैदल आने वाले युवक को भी जांच की गई थी इस युवक की रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी। बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने खानपुर स्थित मदरसे को क्वारंटीन सेंटर बनाने और इन सभी 10 क्वारंटीनों को वहां शिफ्ट करने का निर्णय लिया।
गुरुवार को दोपहर अधिकारियों ने मदरसे का निरीक्षण कर वहां तैयारियां पूरी कर उसे क्वारंटीन सेंटर में तब्दील किया। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि सभी 10 क्वारंटीन जमातियों को रात में वहां शिफ्ट कर दिया गया। सभी की रिपोर्ट निगेटिव हैं। कोई लक्षण नहीं मिले हैं, इसलिए यह फैसला लिया गया है। चार पाजिटिव जमातियों को 06 अप्रैल को कानपुर भेजा जा चुका है।