दिबियापुर (औरैया)। शनिवार को सुबह करीब 8 बजे रेलवे कंट्रोल से सूचना मिली कि फफूंद स्टेशन से गुजर रही कानपुर को जा रही मालगाड़ी के एक खाली बैगन में कुछ लोग चोरी छिपे बैठ कर जा रहे हैं। इस पर रेल प्रशासन एवं आरपीएफ प्रशासन ने एक वैगन में सवार 46 लोगों को फफूंद रेलवे स्टेशन पर उतार लिया
सीएचसी से चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल करीम, फार्मासिस्ट ह्रदयेश गुप्ता एवं गौरव कुमार ने सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की। स्वास्थ्य टीम के अनुसार किसी व्यक्ति में कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं मिले। इसके बाद सभी ने दो दिन से भूखे होने की जानकारी दी है। इस पर आरपीएफ की मेस में सभी के लिए खाना बनवाया गया और सभी को भोजन कराया गया। आरपीएफ प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात गाजियाबाद में मालगाड़ी आउटर पर खड़ी थी। शेष वैगन तो बंद थे और उनमें सामान भरा था।
एक वैगन खुला देखकर उसमें सभी मजदूर बैठ गए। किसी ने रेलवे कंट्रोल रूम को जानकारी दी। जानकारी मिलने पर सभी को फफूंद में उतार लिया गया। सभी खगडिय़ा बिहार जा रहे थे। मालगाड़ी लगभग 4 मिनट तक फफूंद में रुकी। स्टेशन अधीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि औरैया जिला प्रशासन को मामले की जानकारी देकर सभी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए कहा गया है।