कुदरकोट (औरैया)। निर्माणाधीन सड़क से गाड़ी निकालने के मामले में ठेकेदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गाड़ी सपा के पूर्व मंत्री की बताई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव रामपुर खास में पीडब्ल्यूडी की ओर से सीसी सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। इस दौरान वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित था। 12 फरवरी को समाजवादी पार्टी के एक पूर्व मंत्री की कार नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क के बीच से निकाल दी गई थी।
वहां मौजूद ग्रामीणों ने रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन गाड़ी चला रहे चालक ने उनकी एक नहीं सुनी इससे सड़क क्षतिग्रस्त भी हो गई थी। वहां मौजूद ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था।
गाड़ी सपा के पूर्व मंत्री की बताई गई। इसके बाद बीजेपी नेताओं ने सपा के पूर्व मंत्री को आड़े हाथ लिया। एक्स पर भाजपा से लेकर विधायक और सांसद ने पोस्ट कर कटाक्ष किया। सोमवार सड़क बनाने वाले ठेकेदार बबलू भदौरिया विभाग के अधिकारी के साथ थाने पहुंचे और पूर्व मंत्री की कार चला रहे अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष अमर बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जल्द प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।