दिबियापुर। कार की टक्कर से घायल दो भाइयों में अंकित की उपचार के दौरान मौत हो गई। आशीष अभी अस्पताल में भर्ती है, उसका इलाज किया जा रहा है।
युवकों के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। हादसा सहायल थाना क्षेत्र के गांव बर्रू के पास रविवार रात हुआ था।
थाना क्षेत्र के गांव वहलोलपुर निवासी अंकित (19) और उसका बड़ा भाई आशीष (22) रविवार रात करीब नौ बजे कस्बा निवासी अपने ताऊ अवधेश कुमार के घर आए थे। देर रात यहां से घर जाते समय सहायल के गांव बर्रू के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के दौरान अंकित की मौत हो गई।
अंकित कंचौसी बाजार स्थित दर्शन महाविद्यालय से बीएससी (फाइनल) की पढ़ाई पूरी कर चुका था। पिता कृष्ण कुमार की कुछ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। अब घर में मां अनीता, बहन सुमन और घायल भाई आशीष है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया। शव घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई।
सहायल थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।