एरवाकटरा। क्षेत्र की बरौनाकलां स्थित बड़ौदा यूपी बैंक शाखा में मंगलवार को खाताधारक से कथित रूप से रिश्वत मांगने के आरोप को लेकर हुए हंगामे के मामले में शाखा प्रबंधक ने अपनी जांच रिपोर्ट क्षेत्रीय प्रबंधक को प्रेषित कर दी है।
जिसमें ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों को सही पाया गया है। बताया गया कि खाताधारक ने बैंक में कार्यरत एक प्राइवेट संविदाकर्मी राजेश कुमार पर कार्य के बदले धन की मांग करने का आरोप लगाया था। मामले को लेकर बैंक परिसर में ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए संबंधित कर्मी को हटाने की मांग की थी और प्रार्थनापत्र सौंपा था।
शाखा प्रबंधक द्वारा की गई आंतरिक जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित प्राइवेट संविदाकर्मी को हटाए जाने की संस्तुति क्षेत्रीय कार्यालय को भेजी गई है। अब अंतिम निर्णय क्षेत्रीय प्रबंधक स्तर से लिया जाएगा। (संवाद)